कुल्लू में विधायक सुंदर सिंह ठाकुर से मिला प्रदेश पेंशन भोगी संघ। स्त्रोत संघ
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश पेंशनभोगी संघ की नवनिर्वाचित प्रदेश कार्यकारिणी और जिला कुल्लू पेंशनभोगी संघ कार्यकारिणी की संयुक्त बैठक अटल सदन ढालपुर में हुई। इसकी अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष एलआर गुलशन ने की।
इसमें पेंशन भोगियों की विभिन्न लंबित समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों में पेंशनरों के लंबित वित्तीय मामलों के त्वरित निपटारे के लिए संबंधित अधिकारियों पर दबाव बनाने, हिमाचल प्रदेश पेंशनभोगी संघ का मांगपत्र तैयार करने, पेंशनभोगियों को जनवरी 2016 से देय संशोधित वेतनमान और महंगाई भत्ते की तीन किस्तों का बकाया एरियर का एकमुश्त भुगतान करने की सरकार से मांग की गई। इसके अतिरिक्त 65, 70, 75 और 80 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पेंशन भोगियों की पेंशन में 25, 50, 75 और 100 प्रतिशत वृद्धि करने की भी मांग की। बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाने की मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मांग की गई। इसके बाद हिमाचल प्रदेश पेंशन भोगी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर और अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अश्वनी कुमार से मिला। उनसे पेंशनभोगी संघ की मांगों का समाधान करने की अपील की गई। संवाद