प्राथमिक शिक्षक संघ लाहौल-स्पीति ने उठाईं मांगें
......................
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। प्राथमिक शिक्षक संघ लाहौल-स्पीति ने कहा कि प्रदेश में प्राथमिक शिक्षकों के 3,000 से अधिक पद रिक्त है। इस कारण प्राथमिक स्कूलों को चलाना मुश्किल हो गया है। प्राथमिक शिक्षक संघ लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष दिनेश लाल ने कहा कि 20 से कम विद्यार्थियों वाले स्कूलों में दूसरा प्राथमिक शिक्षक तैनात नहीं किया जा रहा है। इस कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
सरकार की ओर से बंद किए या विलय किए गए स्कूलों के समस्त पदों को केंद्रीय पाठशालाओं या सीएम एक्सीलेंस स्कूलों में शिफ्ट किया जाए। कहा कि मुख्य शिक्षक प्रमोशन पर मिलने वाले वित्तीय लाभ को तुरंत बहाल किया जाए। साथ ही नवनियुक्त जेबीटी को पंजाब राज्य की तर्ज पर 35,400 रुपये का एक मूल वेतन दिया जाए। जनवरी 2022 के बाद नियमित हुए जेबीटी की हायर पे स्केल 37,600 रुपये की जाए। अनुबंध अध्यापकों को साल में 30 सितंबर और 31 मार्च को नियमित किया जाए। प्राइमरी स्कूलों की खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन को फिर से शुरू किया जाए।
उदयपुर खंड के अध्यक्ष विकास और केलांग खंड दो के अध्यक्ष प्रेम लाल ने कहा कि ऑनलाइन कार्य के लिए केंद्रीय स्कूलों में डाटा एंट्री आपरेटर की तैनाती की जाए। 20 वर्ष का बिना प्रमोशन सेवाकाल पूरा करने वाले प्राथमिक शिक्षकों को सीएंडवी की तर्ज पर दो वेतन वृद्धियां दी जाएं। सरकार मांगों पर निर्णय नहीं लेती है तो 21 सितंबर को सांकेतिक रोष जताया जाएगा। संवाद