जम्मू के ध्यानार्थ.........
पश्चिम बंगाल में तैनात था कारगिल का जवान थिने थोकयूप
होटल के कमरे में पाया गया मृत, पुलिस कर रही छानबीन
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। छुट्टी लेकर अपने घर कारगिल जा रहे एसएसबी जवान की मनाली में मौत हो गई है। जवान पश्चिम बंगाल में तैनात था। छुट्टी लेकर अपने घर कारगिल जा रहा था लेकिन, मनाली में होटल में ठहरा जवान कमरे में मृत पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
जानकारी के अनुसार कारगिल के उफ़्ती टिपिंपग निवासी थिने थोकयूप (45) एसएसबी में पश्चिम बंगाल में तैनात था। दो दिन पहले वह छुट्टी लेकर घर के लिए आया और मनाली के एक होटल में ठहरा। सोमवार को होटल का कमरा छोड़ने का समय होने के बाद भी ज़ब वह बाहर नहीं निकला तो होटल के स्टॉफ ने किसी तरह से दरवाजा खोला। वह मृत पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की।
मंगलवार को मृतक जवान के परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंपा गया। पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि वह अस्वस्थ चल रहा था। वह दवाइयां भी ले रहा था। ऐसे में बीमारी की वजह से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। इस संबंध में डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
000