आपदा से सुस्त पड़े पर्यटन कारोबार में खुशियों के रंग भरेगा क्रिसमस और नववर्ष का जश्न
पर्यटकों की आमद बढ़ी, मनाली के होटलों में बढ़कर 60 फीसदी से अधिक पहुंची ऑक्यूपेंसी
बलदेव राज
कुल्लू। आपदा के बाद सुस्त पड़े कुल्लू-मनाली के पर्यटन कारोबार में एक बार फिर हलचल नजर आने लगी है। क्रिसमस और न्यू ईयर की आहट के साथ ही पर्यटकों की आमद बढ़ी है और मनाली के होटलों में ऑक्यूपेंसी 60 फीसदी से अधिक पहुंच चुकी है।
कुल्लू-मनाली, कसोल और बंजार क्रिसमस के जश्न के लिए तैयार हैं। क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए पर्यटकों का कुल्लू-मनाली आना शुरू हो गया है।
पर्यटन स्थलों में पर्यटकाें की चहलकदमी बढ़ गई है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी। अगस्त में आई आपदा के बाद पर्यटन कारोबार बुरी तरह से प्रभावित हुआ था। अब पर्यटन कारोबार पटरी पर लौटा है। विंटर सीजन में क्रिसमस और न्यू ईयर से पर्यटन कारोबारियों को काफी अधिक उम्मीदें हैं। हालांकि भुंतर-मणिकर्ण, औट-बंजार की खस्ताहाल सड़क पर्यटकों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। बावजूद इसके पर्यटन कारोबारियों को क्रिसमस और न्यू ईयर से उम्मीदें हैं। मणिकर्ण वैली होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन ठाकुर ने कहा कि पर्यटन स्थल कसोल में सैलानियों की चहल-पहल बढ़ गई है। जाम से पर्यटकों को असुविधा न हो, इसके लिए कुल्लू पुलिस से आग्रह किया गया है।
क्रिसमस और न्यू ईयर का जश्न मनाने के लिए देशभर के पर्यटक आएं और यहां की वादियों का लुत्फ उठाएं। आपदा के बाद अब स्थिति सामान्य हो गई है। क्रिसमस पर होटलों में ऑक्यूपेंसी भी बढ़ी है। - गजेंद्र ठाकुर, अध्यक्ष, फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन
व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद
कुल्लू-मनाली में आने वाले पर्यटकों को व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद है। हालांकि कुल्लू में पिछले करीब ढाई महीनों से बारिश और बर्फबारी नहीं हुई है। बर्फबारी होने की सूरत में पर्यटक बर्फ के बीच क्रिसमस मना पाएंगे। हालांकि मनाली आने वाले पर्यटक रोहतांग और शिकुंला दर्रा, ग्रांफू स्नो पॉइंट में बर्फ का दीदार कर सकेंगे।