मनाली और बंजार उपमंडल में सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया
बर्फबारी-बारिश के बाद एचआरटीसी के 20 से अधिक रूटों पर थमे बसों के पहिये
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। आखिरकार चार महीनों के इंतजार के बाद कुल्लू में बर्फबारी और बारिश हुई। बारिश के बाद कई गांवों में बिजली गुल हो गई है। बर्फबारी और बारिश के बाद जिले में करीब 600 बिजली के ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं।
अभी भी बर्फबारी-बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम को देखते हुए मनाली और बंजार उपमंडल में सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
वीरवार देर रात को कुल्लू में बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। यह शुक्रवार को दिनभर जारी रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद लोग अपने घरों में दुबके रहे। बर्फबारी को बागवानी और कृषि के लिहाज से बेहतर माना जा रहा है। दूसरी ओर, बर्फबारी के बीच बिजली गुल होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
दूसरी ओर, बर्फबारी और बारिश के बाद एचआरटीसी के 20 से अधिक रूटों पर बसों के पहिये थम गए हैं। सुबह के समय कई रूटों पर बसें कुल्लू तक नहीं पहुंच पाईं। बिजली महादेव की तरफ से कुल्लू की ओर आने वाली बस भी शुक्रवार समय नहीं पहुंच पाई। एचआरटीसी प्रबंधन की ओर से चालकों और परिचालकों को मौसम की स्थिति को देखते हुए बसों का संचालन करने को कहा गया है। उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने कहा कि प्रशासन की ओर से लोगों को एहतियात बरतने को कहा गया है। पर्यटक भी मौसम खुलने तक सुरक्षित स्थान पर रहें। लोग अनावश्यक यात्रा न करें।
जिया में रोके मनाली जाने वाले वाहन
पतलीकूहल से मनाली तक सिर्फ फोर बाई फोर वाहन ही चल रहे हैं। मनाली में बर्फबारी का क्रम जारी है। ऐसे में वाहनों को जिया हाथीथान चौक पर रोका। पर्यटकों से अपील की गई कि मौसम खुलने मनाली की ओर यात्रा न करें।
लोगों में दिखा खुशी का माहौल
बर्फबारी और बारिश का इंतजार समाप्त होने के बाद लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने बर्फबारी होने की खुशी को साझा किया। बारिश और बर्फबारी के बाद कुल्लू में शीतलहर बढ़ गई है।