कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव की छठी सांस्कृतिक संध्या में सूफी गायक सतिंदर सरताज की प्रस्तुति देखने पहुंचे दर्शकों को कला केंद्र में प्रवेश नहीं मिला तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। मुख्य द्वार पर रोके जाने से नाराज लोगों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान मुख्यमंत्री के खिलाफ भी नारे लगाए। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया। बाद में स्थानीय प्रशासन के हस्तक्षेप से रात करीब 10 बजे दर्शकों को कला केंद्र में प्रवेश दिया गया।
छठी सांस्कृतिक संध्या में सतिंदर सरताज की प्रस्तुति को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह था। बड़ी संख्या में लोग कला केंद्र पहुंचे, लेकिन मुख्य द्वार पर प्रवेश नहीं मिलने से उनकी नाराजगी बढ़ गई। देखते ही देखते लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और मौके पर अतिरिक्त बल तैनात किया। इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने हस्तक्षेप कर दर्शकों को कला केंद्र के निचले हिस्से में बैठाने की व्यवस्था की। रात करीब 10 बजे प्रवेश मिलने के बाद स्थिति सामान्य हुई। दशहरा उत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में लगातार उमड़ रही भीड़ के बीच प्रवेश और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था करना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। संवाद