कुल्लू। न्याय को सरल एवं सुलभता से हर व्यक्ति तक पहुंचाने और आपसी सहमति से न्याय प्रदान करने के लिए भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने समाधान समारोह 2026 का आयोजन 21 अप्रैल से आरंभ किया है। इसका समापन 21, 22 और 23 अगस्त को विशेष लोक अदालत के आयोजन से होगा। यह बात अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण कुल्लू विशाल तिवारी ने कही।
उन्होंने कहा कि विशेष लोक अदालत में सर्वोच्च न्यायालय में लंबित पारिवारिक विवाद, दुर्घटना दावा, चेक बाउंस, भू-अधिग्रहण, आपराधिक एवं श्रम संबंध विवाद और ऐसे मामले जो आपसी सहमति से निपटने योग्य हैं, उन्हें शामिल किया जाएगा। विशेष लोक अदालत का आयोजन सर्वोच्च न्यायालय परिसर में किया जाएगा। कहा कि विशेष लोक अदालत में अपना मामला शामिल करने के लिए सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर एक गूगल फॉर्म उपलब्ध है। गूगल फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 मई है। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुल्लू के दूरभाष नंबर 01902-222378 पर संपर्क किया जा सकता है। संवाद