केलांग। लाहौल-स्पीति की पुलिस अधीक्षक आईपीएस शिवानी मेहला को देश के सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों में शामिल किया गया है। फेम इंडिया-एशिया पोस्ट की ओर से किए गए राष्ट्रीय सर्वे में उनका चयन हुआ है है। इस उपलब्धि से लाहौल-स्पीति पुलिस और जिले के लोगों में खुशी की लहर है। हिमाचल प्रदेश के चार पुलिस अधिकारियों को इस राष्ट्रीय सर्वे में जगह मिली है। जिनमें एसपी शिवानी मेहला भी शामिल हैं। चयन का आधार एसपी शिवानी मेहला के नेतृत्व, ईमानदारी, जनसेवा और समर्पण को उपलब्धि का आधार बताया गया है।
एसपी शिवानी मेहला के नेतृत्व में लाहौल-स्पीति पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था के साथ-साथ यातायात प्रबंधन, पर्यटकों की सुरक्षा और आपदा परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर सक्रिय रही है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले जिले में पुलिस के सामने सर्दियों में भारी बर्फबारी, सड़क हादसों और पर्यटकों की सुरक्षा जैसी चुनौतियां रहती हैं।
राष्ट्रीय स्तर के सर्वे में नाम शामिल होने से जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ा है। स्थानीय लोगों के साथ विधायक अनुराधा राणा ने एसपी शिवानी मेहला को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।