मनाली। लाहौल-स्पीति और मनाली के ऊंचे इलाकों में हुई बर्फबारी ने पर्यटन कारोबार में नई ऊर्जा प्रदान की है। बर्फबारी के बाद मनाली का पर्यटन कारोबार पटरी पर लौटने की उम्मीद है। बर्फबारी के बाद पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। होटलों की आक्यूपेंसी 30 प्रतिशत से बढ़कर 40-50 प्रतिशत तक पहुंच गई है। आगामी दिनों के लिए भी अच्छी बुकिंग है।
मनाली के पर्यटन स्थलों में पर्यटक बर्फ से जुड़ी गतिविधियों का आनंद ले रहे हैं। लाहौल के सिस्सू गांव के पास के स्थान पर्यटन केंद्रों में बदल गए हैं। ग्रीन टैक्स बैरियर के आंकड़ों के अनुसार इन दिनों मनाली में लगभग एक हजार पर्यटक वाहन आ रहे हैं। करीब 70 वोल्वो बसों में भी पर्यटक मनाली का रुख कर रहे हैं।
होटल मालिकों, ट्रैवल ऑपरेटरों ने आशा व्यक्त की है कि हाल ही में हुई बर्फबारी से आने वाले दिनों में और अधिक पर्यटक आएंगे। मनाली होटलियर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि मार्च में हुई बर्फबारी पर्यटन कारोबार को गति देगी। क्षेत्र के कई होटलों और गेस्ट हाउसों में बर्फ से जुड़ी गतिविधियों का अनुभव करने के इच्छुक पर्यटकों की ओर से पूछताछ और बुकिंग में वृद्धि देखी जा रही है। पर्यटन कारोबारी रंजीत, ओम प्रकाश, मनमोहन ने कहा कि अगर मौसम अनुकूल बना रहता है, तो आने वाले दिनों में मनाली और आसपास के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो सकती है।
000