ताजा बर्फबारी से रोहतांग दर्रा एक बार फिर से बंद हो गया है। रोहतांग दर्रा में कुछ दिनों के अंतराल के बाद बर्फबारी का दौर फिर जारी है। बर्फबारी से मनाली-केलांग मार्ग पर फिर यातायात बंद हो गया है। हालांकि तीन मई को एचआरटीसी केलांग डिपो ने केलांग-मनाली और मनाली से केलांग के बीच बस सेवा शुरू की थी, लेकिन बुधवार रात को रोहतांग में हुई ताजा 30 सेंटीमीटर बर्फबारी से बसों का संचालन बंद हो गया है। ऐेसे में एचआरटीसी केलांग व लाहौल के लोगों को झटका लगा है।
बीआरओ के लिए ताजा बर्फबारी मुसीबत बन गई है और दर्रा में पड़ी ताजा बर्फबारी को हटाना पड़ेगा। रोहतांग व लाहौल घाटी में मई महीने में ताजा बर्फबारी से घाटीवासी परेशान हैं। रेस्क्यू पोस्ट कोकसर के प्रभारी लुदर चंद ने बताया कि रोहतांग में बुधवार रात को 30 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। मढ़ी पोस्ट में तैनात वायरलेस इंचार्ज एएसआई हरिकृष्ण शर्मा ने बताया कि मढ़ी में 15 सेंटीमीटर ताजा हिमपात हुआ है। रोहतांग बहाली के बाद दर्रा तीसरी बार यातायात के लिए बंद हुआ है।
कोकसर निवासी पीसी शाशनी ने बताया कि बुधवार की रात को कोकसर में चार सेंटीमीटर तक बर्फ गिरी है। वहीं, चंद्रा और तोद घाटी की पहाड़ियां भी चांदी की तरह चमक उठी हैं। पंचायत समिति सदस्य सुनील ने बताया कि ताजा हिमपात के बाद भी घाटी के अंदरूनी मार्ग बहाल होने से लोगों को राहत मिली है, लेकिन केलांग से मनाली की ओर जा रही छोटी गाड़ियों को रोहतांग दर्रा के बंद होने से कोकसर से आगे नहीं भेजा जा रहा है। ताजा बर्फबारी से लाहौल घाटी के कई इलाकों में वीरवार सुबह से बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।