कुल्लू। जिला मुख्यालय स्थित कॉलेज चौक के समीप एक दुकान से चोरी हुईं 12 बोर की छह बंदूकों को पुलिस ने लगघाटी के बड़ाग्रां नाले में बरामद कर लिया है।
इसके साथ ही पुलिस ने चोरी के मामले में एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। गौर रहे कि ढालपुर में कॉलेज गेट के समीप एक नवंबर की रात को दुकान का मालिक ताला लगाकर घर चला गया था। दो नवंबर को सुबह दुकान के शटर के दोनों ताले टूटे थे। अंदर से 12 बोर की छह एसबीबीएल बंदूकें गायब थीं। पुलिस ने शिकायत के बाद छानबीन शुरू की तो पाया कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो लोग हैं। इसके बाद वीरवार को पुलिस ने विनोद कुमार निवासी घल्याणा, तहसील व जिला कुल्लू को गिरफ्तार किया है
पुलिस अधीक्षक डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने कहा कि पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद ली। मामले में एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके साथी की तलाश चल रही है। उन्होंने कहा कि शातिरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।