भुंतर के पंरगाणू में सड़क हादसे मामले में एएसपी से मिलते ग्रामीण।-संवाद
दुर्घटना में घायल युवक के पिता ने एसपी से लगाई गुहार, पुलिस जांच पर उठाए सवाल
भुंतर में 17 जनवरी को निजी बस और ऑटो के बीच हुई टक्कर में घायल हुए थे दो युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के प्रवेश द्वार भुंतर में 17 जनवरी को निजी बस और ऑटो के बीच टक्कर हो गई थी। इसमें ऑटो में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों का उपचार पीजीआई में चल रहा है।
परिजनों का आरोप है कि मौके पर गए पुलिस कर्मियों ने मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की। घायल युवक के पिता गंगा राम ने कहा कि युवक के परिजन परगाणु पंचायत के प्रधान और ग्रामीणों के साथ वीरवार को पुलिस अधीक्षक से मिले। इनके साथ भाजपा के युवा नेता आदित्य विक्रम सिंह भी मौजूद रहे।
दुर्घटना में घायल युवक के पिता गंगा राम ने कहा कि 17 जनवरी को भुंतर में एयरपोर्ट गेट के पास एक निजी बस और ऑटो में टक्कर हो गई थी। स्थानीय लोगों ने पुलिस के समक्ष भी यही बात कही थी कि निजी बस चालक ओवरटेक कर रहा था। इसके चलते उसने सामने से आ रहे ऑटो को टक्कर मार दी। ऑटो में उनका बेटा और एक अन्य सवार थे। इस घटना में दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। दोनों का इलाज पीजीआई में चल रहा है। कहा कि भुंतर पुलिस ने दुर्घटना के मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और न्याय दिलाने की मांग की है। आदित्य विक्रम सिंह ने कहा कि कुल्लू में आपराधिक मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस का डर लोगों में नहीं है। इस वजह से लगातार अपराध हो रहे हैं। इस दौरान पंचायत प्रधान मोहर सिंह ठाकुर, वार्ड सदस्य ओरगेज, माता गीता देवी उपस्थित रहे।