परिसर में 37 में से 19 दुकानें बची हैं शेष, अब नौ दिसंबर को लगेगी बोली
दो बार हो चुकी है पहले नीलामी की प्रक्रिया, कारोबारियों में नहीं दिखा जोश
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय के ऐतिहासिक मैदान में एक छोर में बने अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक परिसर में शेष बचीं दुकानों के लिए अब तीसरी बार नीलामी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
नगर परिषद कुल्लू ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। नगर परिषद और जिला प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार उनके इस व्यावसायिक परिसर में बची दुकानों के लिए दुकानदार मिलेंगे। नगर परिषद ने 37 दुकानों के इस परिसर में शेष बची 19 दुकानों की नीलामी के लिए 9 दिसंबर की तिथि निर्धारित की है। नगर परिषद इस व्यावसायिक परिसर की इन दुकानों को दुकानदारों और अन्य कारोबारियों को आवंटित करने के लिए दो बार नीलामी प्रक्रिया अमल में ला चुकी है। पहली बार हालांकि दुकानदारों और कारोबारियों में इसको लेकर काफी उत्साह दिखा था और दुकानदारों ने इतनी अधिक ऊंची बोली लगाकर दुकानें अपने नाम की थीं जिसे अदा करना दुकानदारों के लिए संभव नहीं था। ऐसे में 90 फीसदी दुकानदारों ने दुकानें छोड़ दी थीं। नगर परिषद के साथ दस्तावेजी प्रक्रिया अमल में नहीं लाई थी। ऐसे में नगर परिषद को इसके लिए दूसरी बार नीलामी प्रक्रिया अपनानी पड़ी। नतीजा यह हुआ कि दूसरी बार की नीलामी में कम ही दुकानदार पहुंचे और अभी 19 दुकानें ऐसी हैं जो आवंटित नहीं हो पाई हैं।
नगर परिषद कुल्लू के कार्यकारी बीआर नेगी ने बताया कि इस बार 9 दिसंबर को नीलामी प्रक्रिया होगी। उन्होंने दुकानदारों और कारोबारियों से आग्रह है कि इसमें बढ़ चढ़ कर भाग लें।
प्रशासन और नप दोनों हिस्सेदार
यह व्यावसायिक परिसर प्रशासन और नगर परिषद दोनों का साझेदारी में बना है। अब इससे आने वाली आय भी दो हिस्सों में बंटेगी। चूंकि इस परिसर को बनाने के लिए लाडा के धन का भी उपयोग किया गया है। नगर परिषद ने भी इसके निर्माण के लिए धन लगाया है। ऐसे में इसके संचालन के लिए कमेटी का गठन किया गया है।