पीएमजीएसवाई के तहत सड़क को चकाचक करने के लिए मंजूर हुई है राशि
क्षेत्र के ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर सुविधा, पांच गांवों को जोड़ती है यह सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। पार्वती घाटी की शेताजोल लाशनी-संगटेहड़-विरनी-चकरिंगा सड़क 16 करोड़ रुपये से चकाचक होगी। सड़क को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-4 के तहत चकाचक किया जाएगा।
इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। सड़क चकाचक होने से ग्रामीणों को फायदा मिलेगा।
गौर रहे कि 13 किलोमीटर लंबी सड़क भुंतर-मणिकर्ण मुख्य मार्ग में सिउंड के समीप शेताजोल से निकली है। कच्ची सड़क होने के कारण इस क्षेत्र के लोगों को दिक्कतें आती हैं। खासकर बारिश के दिनों में सड़क में कई बार वाहनों के पहिये भी थम जाते हैं। हालांकि शेताजोल से होकर चकरिंगा तक पांच गांवों के लोगों को जोड़ती है। अब इस सड़क में मेटलिंग और अन्य कार्य किया जाना है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क को बेहतर बनाने के लिए डीपीआर बनाकर केंद्र सरकार को भेजी थी। अब ग्रामीणों को सड़क का कार्य शुरू होने का इंतजार है।
उधर, इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बीसी नेगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-4 के तहत इस सड़क को स्वीकृति मिली है। शेताजोल लाशनी-संगटेहड़-विरनी-चकरिंगा सड़क 16 करोड़ से अधिक राशि खर्च की जाएगी।