24 घंटे बाधित रही आपूर्ति, योजना से कुल्लू शहर के लिए की जाती है पानी की सप्लाई
शहर के कुछ क्षेत्रों में गहराई पेयजल किल्लत
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू की पेयजल योजना कालंग-शेताफाट करीब 24 घंटे तक बाधित रही। लगघाटी के गदियाड़ा में अंधड़ के कारण शनिवार को पेड़ गिरने से पेयजल लाइन टूट गई थी। इस कारण जल शक्ति विभाग के ट्रीटमेंट प्लांट शेताफाट तक पानी की आपूर्ति मुख्य स्रोत से नहीं हो पाई।
इससे कुल्लू शहर के कुछ क्षेत्रों में पेयजल संबंधी परेशानी आई, लेकिन राहत की बात यह रही कि ट्रीटमेंट प्लांट में पेयजल स्टाेर रहने से समस्या ने विकराल रूप नहीं लिया। रविवार को विभागीय टीम ने गदियाड़ा में टूटी पेयजल लाइन को दुरुस्त कर दिया है।
बीते शनिवार दोपहर 02:15 से 02:30 बजे के बीच अंधड़ चलने से लगघाटी के गदियाड़ा में जल शक्ति विभाग की कालंग-शेताफाट पेयजल योजना की लाइन चपेट में आ गई। अंधड़ से एक बड़ा पेड़ लाइन पर गिर गया। इससे कालंग से शेताफाट लाइन टूट गई। योजना शनिवार दोपहर से रविवार दोपहर तक बाधित रही।
गदियाड़ा में अंधड़ के कारण पेड़ गिरने से कालंग-शेताफाट पेयजल योजना की लाइन क्षतिग्रस्त हुई थी। इसे रविवार दोपहर को दुरुस्त कर दिया गया है। शहर में पेयजल संबंधी परेशानी न आए इसके लिए विभाग ने त्वरित कार्रवाई की है।
-अंकित विष्ट, सहायक अभियंता, जलशक्ति विभाग
....
आपदा में दो माह तक प्रभावित रही है योजना
जिला कुल्लू में विगत जुलाई 2023 में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान भी कालंग-शेताफाट पेयजल योजना की लाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त हुई थी। लाइन क्षतिग्रस्त होने से कुल्लू शहर के ऊपरी क्षेत्रों में करीब दो माह तक पेयजल संबंधी परेशानी रही थी। उस समय विभाग को शहर के ऊपरी क्षेत्रों में टैंकरों की मदद से पेयजल आपूर्ति करनी पड़ी। हालांकि इस बार शेताफाट ट्रीटमेंट प्लांट में पेयजल का भंडारण रहने से समस्या नहीं आई।
000