ग्रामीणों को ऊबड़-खाबड़ सड़क से मिलेगी निजात
प्रधानमंत्री चरण-4 के तहत मिली बजट को स्वीकृति
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। पार्वती घाटी की शारनी-पीणी सड़क की हालत दस करोड़ रुपये से सुधरेगी। इस धनराशि से सड़क को पक्का करने के साथ और अन्य कार्य भी किया जाएगा।
11 किलोमीटर लंबी सड़क में टारिंग और अन्य कार्य होने से ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी। कच्ची और ऊबड़-खाबड़ सड़क के कारण ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-चार के तहत सड़क के लिए बजट को स्वीकृति मिली है।
शारनी-पीणी सड़क को भुंतर-मणिकर्ण मुख्य सड़क में छन्नीखोड़ से निकाला गया है। सड़क छन्नीखोड़ से लेकर पीणी तक बेहद खराब है। बारिश के दिनों में तो इसमें वाहनों के पहिये थम जाते हैं। आपदा के बाद तो सड़क और भी खराब हो चुकी है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क की डीपीआर बनाकर मंजूरी के लिए भेजी थी। अब सड़क के लिए बजट मंजूर हुआ है। दो पंचायतों की सैकड़ाें की आबादी को सड़क चकाचक होने का इंतजार है। विभाग की ओर से जल्द टेंडर लगाकर इसका कार्य अवार्ड किया जाएगा। हालांकि यह देखने वाली बात होगी कि आखिर कब तक लोक निर्माण विभाग की ओर से औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बीसी नेगी ने कहा कि शारनी-पीणी सड़क के लिए 10 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत हुई है। उन्होंने कहा कि औपचारिकता पूरी करने के लिए काम शुरू कर दिया जाएगा।