न्यूली (कुल्लू)। आपदा में क्षतिग्रस्त हुई सैंज घाटी की शलवाड़-कनौन सड़क शीघ्र ही दुरुस्त होगी। छह किलोमीटर लंबी सड़क पर पांच किलोमीटर तक ही वाहनों की आवाजाही हो रही है।
इससे आगे एक किलोमीटर मार्ग में डंगा गिरने के कारण वाहन नहीं जा पा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग ने सड़क को ठीक करने के लिए 20 लाख रुपये के बजट का प्रावधान किया है। इससे सड़क पर डंगा लगेगा और सड़क पर वाहनों की आवाजाही सुचारु हो सकेगी। इससे लोगों को आने जाने में बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। डंगा लगाने को लेकर यहां तमाम औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। अब मौके पर जल्द ही डंगा लगाने का कार्य पूरा होगा और मार्ग वाहनों के लिए दुरुस्त हो सकेगा। क्षेत्र के लोगों को इन दिनों काफी दिक्कत हो रही है। करीब एक किलोमीटर सड़क होते हुए भी परेशान होना पड़ रहा है।
वर्ष 2023 और 2025 की आपदा के दौरान सड़क को काफी ज्यादा क्षति पहुंची थी। पांच किलोमीटर सड़क के क्षेत्र में विभाग ने हालात पहले ही सुधार दिए हैं लेकिन एक किलोमीटर मार्ग दुरस्त नहीं हो पाया था। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि सड़क के दुरुस्त होने का इंतजार कर रहे थे। संवाद
.......
शलवाड़-कनौन सड़क पर बीस लाख रुपये की लागत से डंगे का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है।
-मेघ सिंह, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग