बिजली बोर्ड कार्यालय के समीप रहती थी अधिक समस्या
ओवरफ्लो नहीं होंगे सीवरेज चेंबर, नहीं आएगी कोई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू से लेकर बंग्गा ट्रेडर तक सीवरेज का फ्लो को बदला जाएगा। जलशक्ति विभाग ने इसके लिए योजना बनाकर कार्य शुरू कर दिया है।
इससे अस्पताल, बिजली बोर्ड के अधीक्षण अभियंता कार्यालय और अस्पताल सड़क पर अब सीवरेज चेंबर ओवरफ्लो नहीं होंगे। इससे राहगीरों के साथ वाहन चालकों को समस्या से राहत मिलेगी।
बता दें कि बिजली बोर्ड के अधीक्षण अभियंता कार्यालय के पास सीवरेज चेंबर ओवरफ्लो रहता है। इससे अस्पताल के मरीजों, राजकीय महाविद्यालय कुल्लू के विद्यार्थियों, लोक निर्माण विभाग कार्यालय के अलावा मिनी सचिवालय के कर्मचारियों और अपना कामकाज निपटाने जाने वाले आम लोगों को गंदगी से परेशान होना पड़ता है। अब इस समस्या का स्थायी समाधान खोजा गया है।
जलशक्ति विभाग सीवरेज फ्लो को बदलेगा। इससे उपरोक्त क्षेत्रों में बने सीवरेज चेंबर ओवरफ्लो नहीं होंगे और राहगीरों और इन क्षेत्रों के स्थायी निवासियों को गंदगी और बदबू से परेशान नहीं होना पड़ेगा। विभाग ने अस्पताल सड़क पर सीवरेज फ्लो बदलने के लिए खोदाई का काम शुरू कर दिया है। इस कार्य को अमृत योजना चरण-दो के तहत किया जा रहा है। अस्पताल की ओर से फ्लो को बंग्गा ट्रेडर की ओर बदला जाएगा। हालांकि, यह सीवरेज लाइन भी लंकाबेकर स्थित ट्रीटमेंट प्लांट से ही जुड़ेगी।
उधर, जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह ने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल और इसके आसपास के क्षेत्रों से सीवरेज चेंबर ओवरफ्लो होने की शिकायत लगातार मिलती रहती थी। शिकायत का समाधान करने के लिए विभाग सीवरेज का फ्लो को बदल रहा है। इस कार्य के लिए अमृत योजना चरण-दो के तहत लाखों का बजट खर्च किया जा रहा है।