सोलंगनाला (कुल्लू)। निर्माणाधीन न्यू सोलंगनाला पुल और इसके आसपास के क्षेत्र में मंगलवार को एसडीआरएफ टीम ने निरीक्षण कर आपदा प्रबंधन का अभ्यास किया। अभ्यास का उद्देश्य किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए क्षेत्र की भौगोलिक, संरचनात्मक और जोखिम संबंधी जानकारी जुटाना था। अभ्यास के दौरान टीम ने न्यू बाईपास सड़क (सोलंग नाला से नेहरू कुंड) तक पहुंच मार्ग, निर्माणाधीन करीब 100 मीटर लंबे पुल, आपातकालीन पहुंच मार्ग, संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों और उपलब्ध संसाधनों का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण में भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और बादल फटने को क्षेत्र के प्रमुख प्राकृतिक जोखिमों के रूप में चिह्नित किया गया। टीम ने पाया कि घटनास्थल तक सड़क और पैदल दोनों माध्यमों से आसानी से पहुंचा जा सकता है। टीम ने क्षेत्र में प्राकृतिक पेयजल स्रोतों की उपलब्धता का भी आकलन किया और एटीवी स्कूटर यूनियन के समीप स्थित मैदान को सुरक्षित अस्थायी आश्रय स्थल के रूप में चिह्नित किया। इस दौरान टीम ने क्षेत्र के लोगों से भी संवाद किया और इससे पहले क्षेत्र में आई आपदा को लेकर भी जानकारी जुटाई। संवाद