संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के बंजार खंड के सभी स्कूलों को तीन माह से मिड-डे मील की राशि नहीं मिली है। यहां अध्यापकों के पैसे से ही मिड-डे मील का खाना पक रहा है। अध्यापकों ने अब तक 50,000 की राशि अपनी जेब से खर्च कर दी है, लेकिन प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के तहत मिलने वाली राशि नहीं मिली है।
अब मजबूरी में शिक्षक ही अपनी जेब से पैसे खर्च कर बच्चों को दोपहर को भोजन खिला रहे हैं। इस समस्या को लेकर प्राथमिक शिक्षक बंजार संघ ने हाल में प्रारंभिक शिक्षा विभाग को एक पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के तहत मिलने वाली राशि स्कूलों को नहीं मिली है। बता दें कि स्कूलों को पीएम पोषण शक्ति योजना के तहत प्रदेश सरकार की ओर से प्रति विद्यार्थी सात रुपये 45 पैसे एक दिन के हिसाब से मिलते हैं।
स्कूलों को दाल, सब्जी, तेल, नमक, मसाला, हल्दी व गैस समेत अन्य सामग्री भी अलग से शामिल रहती है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अनुसार स्कूलों को मिड-डे-मील की राशि विद्यार्थियों की संख्या के हिसाब से प्रदान की जाती है। प्राथमिक शिक्षक संघ बंजार खंड के अध्यक्ष जीवन सिंह संधू और महासचिव लाल सिंह ने कहा कि बंजार खंड की सभी पाठशालाओं में मार्च से मिड-डे मील पकाने के लिए पीएम पोषण शक्ति स्कीम के तहत मिलने वाली की राशि नहीं मिली है। इससे अधिक परेशानी हो रही है।
उधर, प्रारंभिक शिक्षा विभाग कुल्लू के उपनिदेशक डॉ. सुरजीत राव ने बताया कि कर्मचारी के छुट्टी पर रहने से समस्या आई है। इसके बावजूद बंजार खंड से पत्र लिखकर जवाब मांगा गया है। इसके पहुंचते ही जल्द राशि भेज दी जाएगी, जिससे अध्यापकों और कर्मचारियों को परेशानी न हो सके।