कुल्लू के कलाकेंद्र में सराज घाटी छात्र संगठन के वार्षिक समारोह में नाटी प्रस्तुत करती छात्रा
कुल्लू। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में अध्ययनरत सराज घाटी के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को सराज घाटी छात्र संगठन के बैनर तले वार्षिक समारोह मनाया। लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
समारोह में विद्यार्थियों ने पहाड़ी गीत, कुल्लवी नाटी, लाहौली डांस, सराजी नाटी, पंजाबी और फिल्मी गीतों पर आकर्षक नृत्य कर वाहवाही लूटी। वहीं पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुत कुल्लवी नाटी आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान फैशन शो भी हुआ जिसे खूब सराहा गया।
सराज घाटी छात्र संगठन के अध्यक्ष कृष्ण नेगी ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से छात्रों को अपनी संस्कृति से जुड़े रहने और प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। संवाद