पतलीकूहल (कुल्लू)। कुल्लू-मनाली हाईवे-3 पर बिंदु ढांक के पास एक स्कूटी हादसे का शिकार हो गई। इसमें सवार एक युवक की मौत हो गई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
शुक्रवार रात को पुलिस थाना पतलीकूहल के अंतर्गत कुल्लू-मनाली हाईवे पर बिंदू ढांक के समीप स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई। नियंत्रण खोने के कारण स्कूटी सड़क किनारे पड़े पत्थर से जा टकराई। इससे स्कूटी पर सवार दीपक पुत्र महाजन निवासी बरशैणी, तहसील जरी, जिला कुल्लू गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे एक दंपती ने अपनी कार में डालकर सीएचसी पतलीकूहल पहुंचाया। घटना में दीपक को सिर में गंभीर चोटें आई थीं। पतलीकूहल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर एंबुलेंस में कुल्लू अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। युवक की मौत से परिवार में मातम का माहौल है।
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार अथवा असावधानी होना माना जा रहा है। कहा कि प्राथमिकी दर्जकर पुलिस छानबीन कर रही है।