सैंज (कुल्लू)। राजकीय उच्च विद्यालय मझाण के विद्यार्थियों ने बर्फबारी में रंगारंग कार्यक्रम पेश कर न केवल हौसलों की मिसाल दी, बल्कि जज्बा दिखाकर दिल भी लूट लिया। बर्फ के फाहों के बीच नाटी भी डाली। अभिभावकों ने भी उनका हौसला बढ़ाया।
अवसर था विद्यालय में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का। वीरवार को सालाना समारोह तय किया गया था। मौसम खराब रहने पर शिक्षा विभाग ने समारोह को स्थगित करने के लिए कहा लेकिन बच्चों ने जज्बा दिखाते हुए समारोह करने का निर्णय लिया। एक तरफ भारी बर्फबारी चलती रही और दूसरी तरफ विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियां पूरे जोश के साथ जारी रहीं।
विद्यार्थियों ने गायन, नाटक, भाषण और नाटी सभी कार्यक्रम बर्फबारी में पेश किए। विद्यार्थियों की हिम्मत देख अभिभावक भी स्वयं को रोक नहीं पाए और बर्फ के फाहों के बीच नाटी डाली। समारोह में बंजार कांग्रेस के उपाध्यक्ष मोहर सिंह ठाकुर मुख्यातिथि रहे। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया और विद्यार्थियों के हौसले की तारीफ की।
इन्हें मिला सम्मान
विद्यालय की छात्रा अंजना देवी को सर्वश्रेष्ठ छात्रा और रक्षित को सर्वश्रेष्ठ छात्र का खिताब मिला। कमलेश कुमार, अर्जुन, दीपिका देवी, थरवन, रोहित, राकेश, हेमलता, गुड्डी देवी, विजय, पिंकी देवी, स्नेह लता, अंजना, आरती, गंगा देवी, सुंदरा, अर्जुन, रविंद्र, शालू, रोनित कुमार, रक्षित, रविंद्र, राकेश, घनश्याम गौरव, राहुल, स्नेहलता, ललिता, रेशमा, कविता, पवन, रक्षित, राकेश, ललिता और आर्यन को पुरस्कृत किया गया।