न्यूली (कुल्लू)। सैंज घाटी की रोपा-शांघड़ सड़क धंस जाने से वाहनों की आवाजाही थम गई है। इससे पर्यटकों के तीस से अधिक वाहन फंस गए हैं। फल और सब्जी से भरे वाहन भी फंसे हैं। भारी बारिश के चलते सुचैहण और लोट कैंची के पास सड़क का काफी हिस्सा धंस गया है। ऐसे में लोगों को पैदल ही आरपार होना पड़ रहा है।
मार्ग को खुलने में काफी समय लग सकता है। सड़क धंस जाने से बंद पड़े मार्ग में शांघड़ की तरफ पर्यटकों के वाहन फंस गए हैं। पर्यटक क्षेत्र में होमस्टे और गेस्टहाउस में सुरक्षित ठहरे हुए हैं लेकिन वाहनों की आवाजाही न होने से उन्हें वाहन निकालने के लिए काफी इंतजार करना पड़ सकता है। उधर, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता मेघ सिंह ने बताया कि मार्ग को बहाल करने के लिए दो जेसीबी भेजी है ताकि वैकल्पिक रूप से मार्ग को बहाल किया जा सके। संवाद