शांघड़ पंचायत के लोट गांव में अंधड़ से छत उड़ने के बाद मकान।
न्यूली/कुल्लू। जिले में शुक्रवार रात को बारिश के साथ अंधड़ चलने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सैंज की शांघड़ पंचायत के लोट गांव में अंधड़ से तीन मंजिला मकान की छत उड़ गई। पूरी की पूरी छत उखड़ गई है। किसी तरह का जानमाल का नुकसान नहीं है। कुल्लू के लघु सचिवालय भवन का छज्जा कार पर गिर गया। इससे कार को क्षति पहुंची है। यह घटना रात के समय हुई। शुक्रवार रात कुल्लू में बारिश के साथ अंधड़ चला। अंधड़ से कुल्लू समेत जिले के कई क्षेत्रों में बिजली बाधित हो गई।
कुल्लू शहर में दो से चार घंटों तक बिजली बाधित रही। सैंज के शैंशर और आसपास के इलाकों में शाम के लेकर सुबह तक बिजली गुल रही। 12 घंटों के बाद ही इन ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई। पिछले दिनों भी अंधड़ चलने के कारण बंजार के गुशैणी में बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई थी।
ग्रामीण रेवत राम ठाकुर, नानक चंद और मोहर सिंह ठाकुर ने कहा कि शांघड़ सहित सैंज के कई गांवों में 12 घंटों के बाद ही बिजली बहाल हुई। शांघड़ पंचायत के उपप्रधान इंद्र सिंह राणा ने कहा कि अंधड़ के कारण मकान की छत उड़ने से करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता अक्षय सूद ने कहा कि शहर की लाइन में फाल्ट आने के बाद आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे बिजली बोर्ड ने दुरुस्त कर दिया है। संवाद