केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल-स्पीति में इस वर्ष देर से हुई बर्फबारी के चलते सैलानियों को लंबे समय तक बर्फ का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। रोहतांग दर्रा के साथ शिंकुला और बारालाचा दर्रा में भी जून तक बर्फ के दीदार की संभावना जताई जा रही है।
लाहौल के कोकसर क्षेत्र में बर्फ अपेक्षाकृत जल्दी पिघलने लगी है। अप्रैल तक जारी बर्फबारी के कारण ऊंचाई वाले दर्रा रोहतांग, कुंजम, शिंकुला और बारालाचा में बर्फ लंबे समय तक टिके रहने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि इन दर्रों में अभी भी 10 से 18 फीट तक बर्फ की मोटी परत जमी हुई है। ऐसे में मनाली-लेह मार्ग के खुलने में भी इस बार देरी हो सकती है। इससे पर्यटन सीजन लंबा चलने की संभावना बढ़ गई है। लाहौल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष तंजिन करपा ने बताया कि क्षेत्र का पर्यटन पूरी तरह बर्फ पर निर्भर करता है। दर्रों में जितनी अधिक अवधि तक बर्फ रहेगी, पर्यटन कारोबार को उतना ही लाभ मिलेगा।
उम्मीद जताई जा रही है कि जून और जुलाई तक पर्यटक रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा दर्रों में बर्फ का आनंद ले सकेंगे, जिससे लाहौल और मनाली का पर्यटन इस बार अधिक समय तक सक्रिय रहेगा। इसके लिए लाहौल-स्पीति पुलिस अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल से लेकर कोकसर, सिस्सू, उदयपुर और दारचा में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवाद