ताजा बर्फबारी ने रोहतांग बहाली के लक्ष्य को करीब आधा महीना और आगे खिसका दिया है। हालांकि पहले सीमा सड़क संगठन ने मनाली की तरफ से रोहतांग और लाहौल की ओर से राक्षी ढांक तक सड़क बहाल कर दी थी। बावजूद इसके पिछले दिनों हुई बर्फबारी के कारण अब 15 मार्च तक रोहतांग को बहाल करने का रखा गया लक्ष्य आगे सरक गया है। मौजूदा समय में लोगों को फिर से गुलाबा से पैदल रोहतांग की चढ़ाई चढ़नी पड़ रही है।
बताया जा रहा है कि ताजा बर्फबारी के कारण बीआरओ को रोहतांग बहाली में अतिरिक्त लाखों रुपये खर्च करने होंगे। कुछ दिनों से खराब मौसम के कारण राज्य सरकार को नियमित हेलीकॉप्टर उड़ानें करवाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। लिहाजा अभी भी कई कर्मचारी कुल्लू में ही फंसे हुए हैं। बीआरओ 38 टास्क फोर्स के कमांडर कर्नल केपी राजेंद्र ने बताया कि हिमखंड लुढ़कने कारण ब्यासनाला में 20 से 30 और राहनीनाला में 30 से 40 फुट तक ऊंची बर्फ की दीवारें खड़ी हो गई हैं।
वीरवार को गुलाबा से ऊपर हल्की बर्फबारी होती रही। ऐसे मौसम में कड़ाके की ठंड के बीच संगठन के जवान बर्फ हटाने में जुटे हुए हैं। मनाली की तरफ से गुलाबा से 4 किलोमीटर आगे तक बर्फ हटा दिया गया है। वहीं कोकसर से रोहतांग की तरफ भी बर्फ हटाने काम युद्ध स्तर पर जारी है। कमांडर ने बताया कि ब्यास नाला और राहनी नाला में गिरे हिमखंड को हटाने में वक्त लग सकता है। वहीं मौसम भी पिछले कई दिनों से लगातार खराब चल रहा है।