गैंगरीन बीमारी से पीड़ित खंजर गांव की महिला मरीज ननदेई को बुधवार को तिंगरेट हेलीपैड से हेलीकॉप्टर के माध्यम से लिफ्ट कर दिया है। लंबे समय से बीमार चल रही महिला को हेलीकॉप्टर सुविधा प्रदान नहीं हो रही थी। बुधवार को लिफ्ट होने पर मरीज महिला के परिजनों ने राहत की सांस ली है।
मरीज के परिजनों ने गैंगरीन बीमारी से पीड़ित महिला मरीज की खबर को प्रमुखता से उठाए जाने और तत्काल हेलीकॉप्टर सेवा मिलने पर ‘अमर उजाला’ का आभार जताया है। यह महिला मरीज पिछले एक माह से बीमारी से जंग लड़ रही है। बुधवार को लाहौल घाटी के लिए हेलीकॉप्टर की दो उड़ानें भरी गईं। पहली उड़ान भुंतर से तिंदी-तिंगरेट-भुंतर के बीच भरी गई। दूसरी उड़ान भुंतर-सिस्सू-भुंतर के बीच भरी गई।
दो उड़ानों में दो मरीजों के साथ 69 यात्री और आठ स्कूली बच्चे रोहतांग के आर-पार हुए हैं। कुल्लू में तैनात उड़ान समिति के सह प्रभारी जीत सिंह धर्माणी ने इसकी पुष्टि की है। तांदी पंचायत के प्रधान सुरेश कुमार एवं वारपा पंचायत के पूर्व प्रधान सतप्रकाश ने जिला प्रशासन से मांग की है कि वे घाटी में मरीजों व अन्य जरूरतमंद लोगों के लिए प्राथमिकता के आधार पर हेलीकॉप्टर उड़ान किए जाने को सरकार से सिफारिश करें। सतप्रकाश ने रावा हेलीकॉप्टर उड़ान करने की मांग की है।