बर्फबारी के बाद मौसम खुलते ही अटल टनल रोहतांग के दीदार को पहुंचे पर्यटक।-संवाद
मनाली। पर्यटन नगरी मनाली में वीकेंड पर पर्यटकों का सैलाब उमड़ा है। शनिवार शाम को हुई बर्फबारी के बाद पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। मनाली पर्यटकों से गुलजार हो गई है। तीन दिन में मनाली में करीब 35,000 से अधिक पर्यटक पहुंचे हैं। शुक्रवार, शनिवार और रविवार को बाहरी राज्यों से चार हजार से अधिक पर्यटक वाहन मनाली आए। इसके अलावा वोल्वो बसों में भी पर्यटकों ने मनाली का रुख किया।
मनाली में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ग्रीन टैक्स बैरियर के आंकड़ों के अनुसार रोजाना औसतन 1500 पर्यटक वाहन मनाली पहुंच रहे हैं। शुक्रवार और शनिवार को यह संख्या बढ़कर 1800 के करीब पहुंच रही है। इसके अलावा, 100 से अधिक वोल्वो बसों और टेंपो ट्रैवलरों में भी पर्यटक मनाली का रुख कर रहे हैं।
इन दिनों मनाली के प्रमुख पर्यटन स्थल अंजनी महादेव और अटल टनल रोहतांग में पर्यटकों की भीड़ जुट रही है। दिन के समय पर्यटन स्थलों पर भीड़ लगने के बाद साथ शाम होते ही मनाली का प्रसिद्ध मालरोड पर्यटकों से भर रहा है। होटल संचालक मोहन सिंह ने बताया कि उनके होटलों में वर्तमान में 60 से 70 फीसदी ऑक्यूपेंसी चल रही है। होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने भी पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी की पुष्टि की। हिमाचल पर्यटन विकास निगम के उप महाप्रबंधक बीएस ओक्टा के अनुसार, निगम के होटलों में 70 फीसदी फीसदी कमरे बुक हो चुके हैं। संवाद