रक्षा मंत्रालय ने भले ही लाहौल के युवाओं के लिए हमीरपुर में सेना भर्ती का आयोजन किया हो, लेकिन लाहौल के युवा भर्ती में भाग लेने कैसे पहुंच पाएंगे, यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है। हमीरपुर में भर्ती 23 से 27 जनवरी तक होगी। लेकिन, रोहतांग दर्रा बंद होने से युवाओं के लिए भर्ती मैदान में पहुंचना आसान नहीं होगा। लाहौल के युवाओं ने मांग की है कि भर्ती प्रक्रिया की तिथि में बदलाव किया जाए क्योंकि ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि भी दस जनवरी तक थी। लेकिन, इंटरनेट सुविधा सुचारु न होने से कई युवा इस भर्ती के लिए आवेदन ही नहीं कर पाए हैं। यह भर्ती सामान्य ड्यूटी और लिपिक वर्ग के लिए है।
भर्ती में भाग लेने वाले अधिकांश युवा स्कूल और कॉलेज में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। अगर यहां से हैलीकॉप्टर में कुल्लू पहुंच भी जाते हैं तो वापस लाहौल कैसे पहुंच पाएंगे, युवाओं को यह चिंता सता रही है। उल्लेखनीय है कि भर्ती में भाग लेने वाले लगभग करीब फीसदी युवा अभी भी लाहौल घाटी में हैं। इसके बारे में लाहौल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि अधिकांश युवा ऑनलाइन भी आवेदन नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्या को देखते हुए रक्षा मंत्रालय से गर्मियों के दिनों में लाहौल के युवाओं को एक बार फिर भर्ती आयोजित करवाने की सिफारिश की जाएगी।