भुंतर में हिमाचल शिक्षा समिति की ओर से संचालित सरस्वती विद्या मंदिर में दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू हो गई हैं। शुभारंभ शनिवार को बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे समाजसेवी जगन्नाथ शर्मा ने किया।
इस दौरान समिति के जिलाध्यक्ष भोगेश्वर शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। स्कूल के प्रधानाचार्य रूम सिंह और स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सूद ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के पांच जोनों के 115 बच्चे भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिन बच्चों ने जोन स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतरीन दमखम दिया है, उनका चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। छात्र-छात्राओं में गोला फेंक, चक्का फेंक, हाई जंप, लांग जंप आदि खेलें करवाई जा रही हैं। पहले दिन हुई प्रतियोगिता के छात्र वर्ग में तीन हजार मीटर दौड़ में एसवीएम भुंतर के रोहित ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं, सन्नी दूसरे तथा अंकित तीसरे स्थान पर रहा।
छात्रा वर्ग में अंजलि पहले और शालिनी दूसरे स्थान पर रहीं। 1500 मीटर में पुनीत, योगराज, साहिल, करीना, अंजू तथा शालिनी ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। हाई जंप में अंडर-14 में अभिषेक, चमन लाल, आर्यन, अंजलि और गीतांजलि ने बाजी मारी। अंडर-17 में नितिका प्रथम, सुमन दूसरे और स्मृति तीसरे स्थान पर रहीं। दो दिवसीय प्रतियोगिता का समापन रविवार को सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर करेंगे।