उचित निकासी न होने से सड़कों पर ही बहा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में सोमवार को हुई झमाझम बारिश से कुल्लू शहर में सड़कें तालाब में बदल गईं। पानी की उचित निकासी न होने से बारिश का पानी सड़कों पर ही बहा। इस कारण राहगीरों परेशानियों का सामना करना पड़ा। साथ ही शहर की अन्य जगहों पर भी उचित निकासी न होने के कारण राहगीरों को दिक्कतें आईं। बरसात के लिए अभी दो महीने बाकी हैं। बरसात से पहले ही शहर में नालियों की हालत ऐसी है कि सारा पानी बाहर ही बह रहा है।
पीपल जातर मेले के लिए सारा ट्रैफिक ढालपुर चौक से अस्पताल होते हुए कॉलेज चौक की ओर डायवर्ट किया है। ढालपुर चौक से लेकर कॉलेज तक सड़क पानी से लबालब नजर आईं। इस सड़क में एकत्रित पानी के कारण राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। शहरवासी नरेंद्र कुमार और ओमप्रकाश ने कहा कि शहर में नालियों में उचित निकासी का प्रबंध किया जाए ताकि लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। संवाद