जिले में बंपर फसल की उम्मीद, बारिश की फुहारों से फसल को मिल रही संजीवनी
10 जून तक शुरू होगा जिले में प्लम का सीजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में प्लम की अच्छी फसल है। निचले और ऊंचाई वाले इलाकों में प्लम बंपर पैदावार बताई जा रही है। बारिश से जहां सेब की फसल प्रभावित हो रही है लेकिन प्लम का साइज बारिश से बेहतर बन रहा है। मई में बारिश की फुहारों इसी तरह से पड़ती रहीं तो प्लम का आकार बेहतर बनेगा।
प्लम का आकार अच्छा होने की स्थिति में बागवानों को उम्दा दाम मिलेंगे। फलों के सीजन की शुरुआत प्लम से ही होती है। प्लम का सीजन जिले में 10 जून तक शुरू हो जाता है। निचले क्षेत्रों में सेंटारोजा प्लम की दस्तक सब्जी मंडियों में हो जाती है। बागवान उम्मीद कर रहे हैं कि इस साल प्लम का सीजन जिले में अच्छा रहेगा। बागवान दुनी चंद ठाकुर, गुरदयाल सिंह, परस राम और मान सिंह ने कहा कि प्लम के फल का आकार बढ़ रहा है। मई में बारिश की फुहारें पड़ीं तो प्लम का आकार अच्छा रहेगा। आकार छोटा रहने से प्लम की मंडियों में मांग कम रहती है। इससे बागवानों को घाटा उठाना पड़ता है। जिले में सेंटारोजा के साथ मेरीपोजा, ब्लैक अंबर, फ्रंटियर आदि किस्मों के प्लम की पैदावार हो रही है।
बागवानों को फल सीजन में किसी तरह की समस्या न आए, इसके लिए संगठन की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। सीजन से पहले ही बागवानों की शंकाओं का समाधान जिला प्रशासन के सहयोग से कर लिया जाएगा।
-सुनील राणा, महासचिव फल एवं सब्जी उत्पादक संगठन सदर