न्यूली (कुल्लू)। जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति के एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह मियां ने सोमवार को सैंज घाटी की दुर्गम पंचायत देहुरीधार के जलहरा, डूगा, अपर तुंग और शफाड़ी गांव के लिए जीप योग्य सड़क का भूमिपूजन किया। सड़क का निर्माण शुरू होने की खुशी में स्थानीय पंचायत की जनता ने एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया।
राम सिंह मियां ने कहा कि सड़क बनने से उपरोक्त गांव के लोगों को सुविधा मिलेगी। इस दौरान एपीएमसी के अध्यक्ष ने बिठी से सिहंण गांव के लिए पानी की सप्लाई को बन रहे टैंक का भी निरीक्षण किया। सिंहण से रूआड़ गांव की पेयजल की पाइपलाइन को ठीक करने के विभाग को निर्देश दिए।
इस दौरान ग्रामीणों ने अनेक समस्याएं राम सिंह मियां के समक्ष रखीं, जिनमें राजकीय उच्च विद्यालय सिंहण में मंच बनाने, सैंज से शैंशर रूट पर चलने वाली एचआरटीसी की बस सेवा बहाल करने, तथा हाल ही में बरसात के कारण सरिम्भ गांव के पास क्षतिग्रस्त सड़क में डंगा लगाकर सड़क को जल्द ठीक करने की मांग रखी। इस दौरान बंजार के विकास खंड अधिकारी मान सिंह बग्गा, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य फतेह सिंह ठाकुर, सब्जा चंद, पंचायत प्रधान भगत राम आजाद, उपप्रधान हेम दास, राकेश सोनू, मीराबाई, दुर्गा दत्त, मोहर सिंह ठाकुर आदि मौजूद रहे। संवाद