भ्रैंण पंचायत के देउघरा गांव के लोगों को आज दिन तक सड़क सुविधा नहीं मिल पाई है। करीब दस साल पहले गांव के लिए निकाली जा रही सड़क आज दिन तक पूरी नहीं हो पाई है। यह सड़क पेच्छा से देउघरा तक करीब छह किलोमीटर निकलनी है। लेकिन सड़क पेच्छा से एक किलोमीटर आगे तक ही निकल पाई है। जिसको लेकर ग्रामीणों में विभाग के प्रति भारी रोष व्याप्त है।
यह सड़क एससी प्लान के तहत निकाली जा रही है। लोगों को आरोप है कि विभाग के पास बजट भी उपलब्ध है, बावजूद इसके अभी तक सड़क नहीं बन पा रही है। वार्ड पंच देउघरा प्रेमचंद ठाकुर और ग्रामीण आलम चंद, टेक राम, दीपू, तारा चंद, मदन कुमार और गोपी चंद के अनुसार सड़क का कार्य काफी लंबे समय से बंद पड़ा हुआ है। कई बार वे सड़क निर्माण कार्य को शुरू करने की मांग को लेकर विभाग के अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
पेच्छा देउघरा सड़क बनने से यह बिजली महादेव जाने के लिए सबसे नजदीक मार्ग होगा। यहां से बिजली महादेव पहुंचने में महज 20 मिनट का समय लगेगा। उन्होंने विभाग के अधिकारियों से मांग करते हुए कहा है कि सड़क निर्माण का कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाए। इस संबंध में पंचायत भ्रैंण की प्रधान राधा देवी के अनुसार सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त कुल्लू से मुलाकात करेगा।