संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू में वित्त वर्ष 2022-23 में सड़कों को जाल बिछेगा। लोक निर्माण विभाग ने इसका खाका तैयार कर लिया है। इस साल विभाग सड़कों, पुलों के निर्माण, मरम्मत और टारिंग पर 82 करोड़ का बजट खर्च करेगा।
बजट के हिसाब से ही लोनिवि ने अपना लक्ष्य निर्धारित किया है। यह बात विभाग के अधीक्षण अभियंता केके शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि विभाग ने इस साल के लिए नए लक्ष्य निर्धारित किए हैं। इन लक्ष्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा। विकास कार्यों में किसी तरह की कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। लोक निर्माण विभाग वित्त वर्ष 2022-23 में 65 किलोमीटर नई सड़कें बनाएगा। इसके अलावा 62 किमी में निकास नालियां, 23 किमी में सोलिंग, 44 किमी में टारिंग के लिए दूसरी और तीसरी परत बिछाई जाएगी। 70 किमी में सड़कों की टारिंग की जाएगी और डेढ़ किमी की जीप योग्य सड़क का निर्माण भी होगा।
उन्होंने कहा कि डबललेन भूतनाथ पुल को भी वाहनों की आवाजाही के लिए अगस्त माह के अंत तक बहाल कर दिया जाएगा। पुल की मरम्मत के अलावा ब्यास की धारा में खंभे का निर्माण किया जाएगा। यह खंभा पुल को मजबूती प्रदान करेगा। कंपनी ने इसका डिजाइन तैयार कर दिया है। जल्द निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। विभाग का लक्ष्य है कि पुल को छह माह के भीतर वाहनों के खोला जाए। विभाग ने विगत वर्ष सड़कों, भवनों और पुलों के निर्माण व मरम्मत पर करीब 60 करोड़ का बजट खर्च किया है।
इन भवनों का निर्माण कार्य होगा पूरा
लोक निर्माण विभाग इस साल विभिन्न भवनों का निर्माण कार्य कर रहा है। इसमें परिधि गृह मनाली, नागरिक अस्पताल मनाली, सीएचसी पतलीकूहल, अधिशासी अभियंता कटराईं, चंसारी और डुगीलग स्कूल, गाड़ागुशैणी कॉलेज और विश्ररम गृह, नागरिक अस्पताल बंजार, बंजार न्यायालय, सैंज कॉलेज भवनों का निर्माण कार्य इसी साल पूरा कर लिया जाएगा।
मलाणा समेत आठ गांव सड़क सुविधा से जुडे़ंगे
कुल्लू जिले के ऐतिहासिक गांव मलाणा समेत आठ गांव सड़क सुविधा से जोड़े जाएंगे, जिनमें जिला कुल्लू के पिणी, जिंदी, पिछला फलाण, शिल्हा, सोलंग, तांदला और लाहौल-स्पीति के सलपट और खंजर गांव शामिल हैं। इसके अलावा विभाग नौ पुलों को भी बनाएगा। इन पुलों में कुल्लू के नेहरूकुंड, सोलंग, जगतसुख, छाकी, दोहरनाला, जैन नाला (मणिकर्ण) तथा लाहौल-स्पीति के सलपट, छाकिंग और कुकुमसेरी शामिल हैं।