एक हफ्ते के भीतर उखड़ी सैंज-न्यूली सड़क की टारिंग का मुद्दा एक बार फिर उठ गया है। शुक्रवार को इसको लेकर टैक्सी यूनियन सैंज तथा क्षेत्र की पांच पंचायतों के लोगों ने बैठक कर रणनीति बनाई है। इस दौरान बैठक में हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपारेशन लिमिटेड का एक सप्ताह का समय दिया है। इस अवधि के भीतर सैंज-न्यूली सड़क का काम शुरू नहीं हुआ तो टैक्सी यूनियन सैंज के साथ घाटी के शांघड, शैंशर, गाड़ापारली, सुचैहण तथा देहुरीधार पंचायतों की जनता भी सैंज परियोजना के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी। बैठक में परियोजना का काम बंद करवाने की भी धमकी दी है।
टैक्सी यूनियन के प्रधान हरि राम चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सैंज परियोजना प्रबंधक को दो टूक कहा कि एक सप्ताह के भीतर सड़क को दुरुस्त करने का काम नहीं शुरू हुआ तो परियोजना प्रबंधन को इसका खामियाजा भुगतना होगा। उन्होंने कहा कि इस मसले को छह माह से उठाया जा रहा है, लेकिन परियोजना प्रबंधक कोई भी कदम नहीं उठा रहा है। जिला परिषद अध्यक्ष रोहिणी चौधरी ने कहा कि सैंज-न्यूली सड़क की टारिंग पर घोटाले की बू आ रही है। ऐसे में इसकी जांच के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह तथा विजिलेंस ब्यूरो को भी शिकायत की है। हरि राम चौधरी ने कहा कि अब परियोजना प्रबंधक के आश्वासन बहुत हो गए हैं। सड़क की दशा बेहाल हो गई और लोगों को इसके प्रति भारी रोष पनप रहा है। इस मौके पर यूनियन के चेयरमैन, यशपाल शर्मा, सचिव ओम प्रकाश, अनूप शर्मा, केहर सिंह, हीरा लाल, चेत राम, जय चंद तथा टेक सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।