गुशैणी/बंजार। (कुल्लू)। उपमंडल बंजार के तहत ग्राम पंचायत शरची में होने वाला क्रिकेट का बैसाखी कप रद्द कर दिया गया है। क्रिकेट प्रतियोगिता में बंजार, कुल्लू और मंडी जिले की 50 से अधिक टीमें शामिल होनी थीं। क्रिकेट प्रतियोगिता रद्द होने से खेल प्रेमियों में निराशा है।
नगलाड़ी-शरची सड़क की हालत खराब बनी हुई है। ऐसे में बैसाख महीने में होने वाली यह प्रतियोगिता फिलहाल आयोजकों की ओर से टाल दी गई है। लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार खेलों को बढ़ावा देने का दम भरती है, वहीं दूसरी ओर सरकार और विभाग की लेटलतीफी का खामियाजा युवाओं को भुगतना पड़ा है। आयोजक दलीप सिंह ने कहा कि क्रिकेट प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाना है। नगलाड़ी-शरची सड़क की हालत बेहद खराब है। नौ माह पहले आई आपदा के बाद अभी तक सड़क की हालत नहीं सुधर पाई है। ऐसे में खिलाड़ियों का शरची तक पहुंचना आसान नहीं है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि सड़क को जल्द सुधारा जाए, जिससे इसका असर खेलों पर न पड़े।