बंजार (कुल्लू)। होरन गाड़ के पास सड़क धंसने से बंजार-गुशैणी-बठाहड़ मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। इससे नौ पंचायतों के लोगों को उपमंडल मुख्यालय पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने मशक्कत के बाद छोटे वाहनों के लिए मार्ग बहाल कर दिया है।
जानकारी के अनुसार यहां सड़क का करीब 150 मीटर हिस्सा धंस गया है, जिसके चलते बड़े वाहनों की आवाजाही बहाल होने में समय लगेगा। होरन गाड़ उपमंडल मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर दूर है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजेश शर्मा ने बताया कि गुशैणी-बठाहड़ मार्ग पर होरन गाड़ के पास सड़क का बड़ा हिस्सा बैठ गया है। इस कारण बसों और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही फिलहाल बंद कर दी गई है।