पतलीकूहल/कुल्लू। पर्यटन नगरी मनाली सहित पूरे कुल्लू जिले में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने स्थानीय लोगों, पर्यटन कारोबारियों और पर्यटकों की चिंता बढ़ा दी है। पहले जहां चोर आम लोगों के घरों और दुकानों को निशाना बना रहे थे, वहीं अब उनकी नजरें बड़े होटलों पर भी टिक गई हैं।
पिछले सप्ताह मनाली के एक प्रतिष्ठित होटल में पर्यटक के कमरे से नकदी और महंगे मोबाइल फोन चोरी होने का मामला सामने आया था। यह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि दो दिन पहले मनाली के ही एक अन्य होटल में चोरी की एक और वारदात हो गई।
इस बार भी शातिर पर्यटकों के कमरे से लाखों रुपये मूल्य का सामान चुराकर भाग गए। पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने बताया कि दोनों मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थलों से जुटाए गए साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।