कुल्लू में क्षेत्रीय अस्पताल में प्रसव के दौरान मौत मामले को लेकर चक्का जाम करते लोग।-संवाद
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल में महिला की मौत के मामले को लेकर एडीसी कुल्लू अश्विनी कुमार ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि मामले में पहले से अस्पताल प्रबंधन की ओर से पांच सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है। इसकी जांच रिपोर्ट मंगलवार दोपहर बाद आएगी जिसे सार्वजनिक किया जाएगा। मामले में न्यायिक जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
मुझे, डीएसपी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सदस्य बनाया गया है। इसकी रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर मांगी गई है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ विभाग की ओर से उचित कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने करीब साढ़े आठ घंटे तक चले प्रदर्शन को बंद किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के परिसर में भी धरना दिया। एडीसी ने पहले पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की और उसके बाद प्रदर्शनकारियों से बात की।
जाम में फंसे पिकनिक पर गए स्कूली बच्चे
प्रदर्शन के दौरान लगे जाम में पिकनिक पर गए छोटे-छोटे स्कूली बच्चे काफी समय तक फंसे रहे। इन्हें ढालपुर पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।