सेवानिवृत्त प्रवक्ता राजेश जिस्टू
दलाश (कुल्लू)। दलाश पंचायत के शाहवी गांव के सेवानिवृत्त राजनीतिक शास्त्र प्रवक्ता राजेश जिस्टू राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दलाश में छात्रों को निशुल्क पढ़ा रहे हैं।
वे पिछले तीन माह से यह सेवा दे रहे हैं। विद्यालय में राजनीतिक शास्त्र के प्रवक्ता का पद लंबे समय से रिक्त चला आ रहा था। इससे यहां राजनीतिक शास्त्र पढ़ने वाले छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। राजेश जिस्टू को जब इस समस्या का पता चला, तो उन्होंने छात्रों को निशुल्क पढ़ाने का निर्णय लिया।
उन्होंने राजनीतिक शास्त्र प्रवक्ता के रूप में 25 साल विभिन्न स्कूलों में अपनी सेवाएं दी हैं। वह अगस्त 2022 में आनी स्कूल से सेवानिवृत्त हुए थे। दलाश स्कूल में भी उन्होंने अपनी सेवाओं के करीब 17 साल दिए थे। अब वह रोज करीब आधे घंटे का पैदल सफर करके दलाश विद्यालय पहुंचते हैं। राजेश जिस्टू का यह कदम छात्रों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। उनके इस प्रयास से छात्रों की पढ़ाई अब सुचारु रूप से चल पा रही है। वे बिना किसी शुल्क के अपनी विशेषज्ञता साझा कर रहे हैं। उनका यह निस्वार्थ कार्य समाज के लिए एक प्रेरणा है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने राजेश जिस्टू की इस निस्वार्थ कार्य की प्रशंसा की है। साथ उनका आभार भी प्रकट किया है।