श्रम विभाग कुल्लू ने नोटिस जारी कर प्रोजेक्ट महाप्रबंधक को किया तलब
नेपाल मूल के मिस्त्री और मजदूर को काम का मेहनताना न देने का आरोप
रिश्वत मांगने, पिटाई करने और साढ़े पांच लाख बकाया न देने का है आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बड़ाग्रां क्षेत्र में स्थापित 24 मेगावाट के कंचनजंगा विद्युत प्रोजेक्ट के महा प्रबंधक को श्रम विभाग कार्यालय ने तलब किया। उन्होंने नेपाल मूल के मिस्त्री और मजदूर से काम करवाकर मेहनताना अदा नहीं किया था।
शिकायत मिलने के बाद श्रम अधिकारी ने महाप्रबंधक को नोटिस के माध्यम से हाजिर होने को कहा था। वीरवार को प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक श्रम अधिकारी के कार्यालय में हाजिर हुए। साथ में शिकायतकर्ता भी हाजिर हुआ। दोनों पक्षों ने दलीलें पेश कीं। श्रम अधिकारी ने प्रोजेक्ट महाप्रबंधक को कार्य से संबंधित रिकाॅर्ड पेश करने के आदेश दिए हैं।
उपरोक्त विद्युत परियोजना के मैनेजर पर प्रोजेक्ट में काम करने वाले नेपाल मूल के मिस्त्री से रिश्वत मांगने, पिटाई करने और साढ़े पांच लाख बकाया राशि न देने का आरोप है। नेपाल मूल के दान बहादुर ने पतलीकूहल पुलिस थाना में लिखित शिकायत दी थी। शुरुआती दौर में पुलिस ने भी इसे गंभीरता से नहीं लिया। अब पुलिस ने मामले में व्यक्ति का मेडिकल करवाया है। पुलिस रिपोर्ट के बाद मामला दर्ज करने की बात कर रही है। दान बहादुर ने प्रोजेक्ट प्रबंधन के खिलाफ श्रम विभाग से भी शिकायत की थी। इस पर विभाग ने प्रोजेक्ट प्रबंधन को तलब किया। बता दें कि दान बहादुर ने प्रोजेक्ट को हुए नुकसान का कार्य किया था। इसके लिए उन्होंने 40 और मजदूर काम पर लगाए थे। बाद में प्रोजेक्ट प्रबंधन की ओर से उनकी दिहाड़ी का पैसे नहीं दिया।
दान बहादुर की शिकायत पर विभाग ने प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक को कार्यालय में हाजिर होने के लिए नोटिस भेजा था। वीरवार को वह कार्यालय में हाजिर हुए। अब उस कार्य से संबंधित रिकार्ड पेश करने को कहा गया है। -ललित मोहन ठाकुर, जिला श्रम अधिकारी