कुल्लू जिले के दुर्गम क्षेत्रों के 74 राशन डिपुओं से जुड़ी है हजारों की आबादी
खाद्य आपूर्ति विभाग के पास पहुंची खेप, डिपुओं में राशन भेजने की प्रक्रिया शुरू
बलदेव राज
कुल्लू। जिले के स्नो बाउंड (हिमाच्छादित क्षेत्रों) एरिया के लिए राशन का कोटा 20 दिसंबर से पहले पहुंचा दिया जाएगा। खाद्य आपूर्ति विभाग के पास राशन की खेप पहुंचने के बाद अब इसे डिपो तक भेजा जा रहा है।
कुल्लू जिले में दुर्गम क्षेत्रों में कुल 74 डिपो हैं। इनसे हजारों की आबादी जुड़ी है। इन डिपुओं में सर्दियों का एकमुश्त राशन मिलने से ग्रामीणों को सर्दियों के दौरान राशन को लेकर किसी तरह की समस्या नहीं आएगी।
गौर रहे कि जिला कुल्लू के कई दुर्गम क्षेत्र हैं, जहां सर्दियों के दौरान लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। स्नो बाउंड एरिया होने के कारण बर्फबारी होने पर राशन पहुंचाना आसान नहीं होता है। यहां के लिए विभाग की ओर से दो से तीन महीने का एकमुश्त कोटा दिया जाता है। 2500 की आबादी वाला मलाणा गांव, शाक्टी, मरोड़, बंजार, सैंज, मनाली विधानसभा क्षेत्र में कई क्षेत्र स्नो बाउंड है। राहत की बात यह है कि अभी जिला कुल्लू में बर्फबारी नहीं हुई है। हालांकि, बीते 8 और 9 दिसंबर ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई है।
ऐसे में खाद्य आपूर्ति विभाग मौसम को देखते हुए राशन को जल्द पहुंचाने पर काम कर रहा है। 20 दिसंबर तक स्नो बाउंड एरिया में राशन पहुंचा दिया जाएगा। इनमें सरकारी डिपुओं में मिलने वाली दालें, आटा और चावल शामिल हैं। इसके बाद दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं आएगी। बहरहाल, राशन बर्फबारी से पहले पहुंचने से दुर्गम क्षेत्र में रहने वाली हजारों की आबादी को किसी तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
राशन को स्नो बाउंड एरिया के लिए भेजा जा रहा है। 20 दिसंबर तक राशन पहुंच जाएगा। ऐसे में यहां के लोगों को किसी तरह की दिक्कतें नहीं आएंगी। - अरविंद शर्मा, जिला नियंत्रक, खाद्य आपूर्ति विभाग कुल्लू