मलाणा की समस्याओं को लेकर उपायुक्त से मिलते हुए ग्रामीण्। संवाद
लोग बोले- आपदा के पांच महीने बाद भी बहाल नहीं हो पाई मलाणा गांव की सड़क
उपायुक्त से मिले ग्रामीण, बोले- तार स्पेन में चुकाना पड़ रहा है अधिक किराया
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। आपदा के पांच महीने बाद भी ऐतिहासिक गांव मलाणा के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समस्याओं को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल वीरवार को उपायुक्त से मिला।
उपायुक्त से मिलकर ग्रामीणों ने मलाणा के सड़क बहाल करने की मांग रखी। मलाणा पंचायत के पूर्व प्रधान भागी राम ने कहा कि मलाणा में सड़क टूटने से 150 से अधिक गाड़ियां फंसी हैं। इन्हें निकाला नहीं जा सकता। पांच महीने से खड़ीं टैक्सियों के मालिकों को किस्त भरने में भी मुश्किल आ रही है। मलाणा पावर प्रोजेक्ट के डैम टूटने के बाद क्षतिग्रस्त सड़क को 5 महीने बाद भी नहीं बनाया जा रहा है। इसके चलते ग्रामीणों को मरीजों को सड़क तक पहुंचाने में परेशानी आ रही है। गांव में राशन की भी किल्लत देखने को मिल रही है। गांव जाने के लिए एक तार स्पेन तो लगाया गया है, लेकिन उसमें किराया अधिक है। उन्होंने कहा कि मलाणा के लिए सड़क को जल्द बहाल किया जाए। उधर, उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने ग्रामीणों की समस्या को सुना। उन्होंने कहा कि जल्द ही मलाणा के गांववासियों की समस्या का समाधान किया जाएगा। संवाद