हालत यह है कि लोगों को बाजार से महंगी दरों पर दाल और तेल खरीदना पड़ रहा है। लोग दालों और तेल के लिए बार-बार सेल डिपुओं के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ ही लौटना पड़ रहा है।
जिले में एपीएल और बीपीएल परिवार को डिपुओं में सस्ती दरों पर खाद्य सामग्री मुहैया करवाई जाती है, लेकिन जनवरी महीने का एक पखवाड़ा बीतने को है और खाद्य सामग्री सरकारी डिपुओं से गायब है।
घाटी के लोगों नरेश, अमित, नवीन, केहर सिंह, राज, योग राज, सुरेश, चमन, युवराज, कमल और उमेश का कहना है कि मकर संक्रांति त्योहार में भी तेल और दालें नहीं मिल पाई हैं।
उन्होंने कहा कि डिपुओं में महज एक राजमाह की दाल ही मिल रही है। मजबूरन लोगों को बाजार से महंगी दरों पर अन्य दाल और तेल खरीदना पड़ रहा है। उधर, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मिलाप चंद ने कहा कि इस बारे में आला अधिकारियों को अवगत करवाया है और जल्द तमाम सामग्री की आपूर्ति डिपुओं में हो जाएगी।