उदयपुर के सतधारा नाले में बने टेंक से रेस्क्यू किया दुर्लभ लेपर्ड कैट। संवाद
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। वन रेंज उदयपुर के दायरे में आने वाले सतधारा नाले से वन विभाग की टीम ने एक दुर्लभ लेपर्ड कैट को सुरक्षित रेस्क्यू किया है।
यह जंगली बिल्ली नवनिर्मित पानी की टंकी के अंदर फंस गई थी। स्थानीय लोगों को जानकारी मिलने के बाद उन्होंने वन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लेपर्ड कैट को टंकी से सुरक्षित बाहर निकाला। वन विभाग ने पशु चिकित्सकों से उसकी स्वास्थ्य जांच करवाई।
जांच में लेपर्ड कैट पूरी तरह स्वस्थ पाई गई। वन मंडल अधिकारी लाहौल इंद्रजीत सिर्रा ने बताया कि स्वास्थ्य जांच में पूरी तरह स्वस्थ पाए जाने के बाद लेपर्ड कैट को उसके प्राकृतिक वन्य आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया है। बताया गया कि लेपर्ड कैट लाहौल घाटी में बहुत कम दिखाई देती है। यह वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित प्रजाति है।
वन विभाग की टीम ने समय पर रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि पानी की टंकियों और अन्य खुले निर्माण स्थलों को ढककर रखें। इससे वन्यजीवों के इनमें फंसने की घटनाओं को रोका जा सकेगा और उन्हें हादसों का शिकार होने से बचाया जा सकेगा। संवाद