रेस्क्यू में बेहतर कार्य करने के लिए छापे राम नेगी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते राज्यपा
कुल्लू। वर्ष 2024 में मलाणा में बादल फटने के बाद टनल में फंसे चार मजदूरों का रेस्क्यू करने सहित कई अन्य जिंदगियां बचाने के लिए चौहकी गांव के छापे राम नेगी को राज्यपाल शिव प्रताप शुल्क ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। छापे राम ने बादल फटने के बाद अपनी मुस्तैदी से चौहकी, बलाधी में गांव लोगों की जान बचाई थी।
गौर रहे कि 01 अगस्त 2024 की सुबह मलाणा में बादल फटने के बाद मलाणा-एक प्रोजेक्ट का बांध टूट गया था। इसके बाद पानी का सैलाब चौहकी, बलाधी गांव की ओर बढ़ा। डैम फटने की सूचना छापे राम नेगी ने सोशल मीडिया के माध्यम से सबका तक पहुंचाई। साथ ही बलाधी के निवासियों को नदी से दूर जाने के लिए कहा।
बलाधी में आठ घर, एक प्राइमरी स्कूल पानी में बह गए थे, लेकिन जानमाल का नुकसान होने से बच गया। वहीं डैम फटने से प्रोजेक्ट की टनल में फंसे चार मजदूरों को निकालने के लिए कड़ी मेहनत छापे राम नेगी ने रेस्क्यू टीम के साथ की और चारों जिंदगियों को बचा लिया। छापे राम नेगी मणिकर्ण घाटी में नेगी एडवेंचर सर्च एंड रेस्क्यू टीम नाम से एक एजेंसी भी चलाते हैं।
इसके माध्यम से अब तक देशी और विदेशी पर्यटकों का सफल रेस्क्यू कर चुके हैं। प्रशासन और पुलिस की सहायता के लिए छापे राम नेगी हर समय तैयार रहते हैं। छापे राम नेगी ने कहा कि राज्यपाल के हाथों प्रशस्ति पत्र के रूप में सम्मान मिलना गौरव की बात हैं। कुल्लू में इसी तरह से अपनी सेवाओं को जारी रखा जाएगा।