खराहल (कुल्लू)। मानसून के सक्रिय होते ही जिले में मैरीपोजा प्लम की फसल पर दोहरी मार पड़ने लगी है। पहले लंबे सूखे से फलों का आकार प्रभावित हुआ और अब लगातार हो रही बारिश से प्लम फटकर पेड़ों से गिरने लगे हैं। इससे जिले में करीब 40 फीसदी फसल खराब होने का अनुमान है और बागवानों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
बागवान सुनू ठाकुर, अशोक, देवेंद्र, अनीश और प्रताप पठानिया ने बताया कि समय से पहले सक्रिय हुए मानसून और लगातार हो रही बारिश के कारण मैरीपोजा प्लम तेजी से फटकर गिर रहा है। उनका कहना है कि बगीचों में करीब 40 फीसदी फसल नष्ट हो चुकी है, जिससे उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है।
सदर फल एवं सब्जी उत्पादक संगठन के प्रधान लालचंद ठाकुर ने कहा कि अत्यधिक नमी के कारण मैरीपोजा प्लम बड़े पैमाने पर पेड़ों से गिर रहा है। इससे बागवानों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
बागवानी विभाग के उपनिदेशक राज कुमार ने बताया कि पहले लंबे सूखे और उसके बाद अचानक हुई लगातार बारिश का सीधा असर फलों पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि मैरीपोजा प्लम अत्यंत संवेदनशील किस्म है और अधिक नमी व पानी इसके फटने और झड़ने का प्रमुख कारण बनते हैं। संवाद