बंजार के मंगलौर के समीप पहाड़ी से नाला का मलबा आने से हाईवे में कीचड़ में फंसा वाहन।-संवाद
गुशैणी/कुल्लू। एनएच-305 औट-लुहरी-सैंज पर मंगलौर के पास मलबा और पानी आ गया है। इस कारण मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है। रविवार शाम करीब पांच बजे क्षेत्र में भारी बारिश होने से वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंगलौर के पास पहाड़ी से बहते नाले का जलस्तर बढ़ गया। इससे मलबा और पानी एनएच पर आ गया। मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद पड़ गया है। दलदल के बीच एक वाहन फंस गया। वाहन में सवार लोग सुरक्षित निकल गए हैं। सड़क आवाजाही के लिए बंद होने पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। स्थानीय विधायक सुरेंद्र शौरी भी वाहन समेत फंस गए हैं।
विधायक सुरेंद्र शौरी ने बताया कि मंगलौर के पास सड़क के बार-बार बंद होने की समस्या आ रही है। चार दिन पहले भी यहां मार्ग बंद हो गया था। अब रविवार को एक बार फिर नाले का मलबा सड़क पर जमा हो गया है। इस संदर्भ में एनएच प्राधिकरण के अधिकारियों को सूचना दी गई और मौके पर सड़क बहाल करने के लिए मशीन भेजने को कहा गया है। मार्ग बंद होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। इसमें स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक भी काफी संख्या में शामिल हैं।
सड़क की हालत के लिए सरकार को कोसा
विधायक सुरेंद्र शौरी ने एनएच-305 की खस्ताहालत को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को कोसा है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग जगह-जगह खतरनाक बना हुआ है। बरसात के दिनों में कई स्थानों में कब बंद पड़ जाए इसका खतरा बना रहता है। औट से बंजार तक सड़क की हालत सुधारने के लिए केंद्र से धन मिला है लेकिन राज्य सरकार उसे खर्च नहीं पा रही है। जिस ठेकेदार को काम दिया गया है वह मौके पर काम नहीं कर रहा है। ऐसे में सोमवार को एनएच की खस्ताहालत को लेकर उपायुक्त कुल्लू से मुलाकात की जाएगी।
000